जो बीत गया है वो गुज़र क्यूँ नहीं जाता

माँ – 16 नवंबर 2026

16 नवंबर आई और बीत भी गई। हर सुबह की तरह उन्हें नमस्ते तो किया ही, पर उस रोज़ तस्वीर के पास जाकर कान में धीरे से फुसफुसा भी दिया— “सालगिरह मुबारक, माँ।” मैंने देखा, वो मुस्कुरा रही थीं। हर रोज़ की तरह वही अंदाज़, वही ठहरी हुई मुस्कान और वही गहरी ख़ामोशी। पिछले बरस तो उन्होंने ‘थैंक यू’ कहा था… शायद इस बार भी मन ही मन कुछ फुसफुसाया होगा।

आज होतीं तो 94 की हो जातीं, और मिठाई खाते हुए मुट्ठी भींचकर बड़े फ़ख़्र से कहतीं, “मैं 105 साल की हो गई हूँ!” और हम सब खिलखिलाकर हँस देते। रबड़ी, जलेबी, बर्फ़ी और रसगुल्ला—ये सब उनकी पसंदीदा मिठाइयाँ थीं। उनकी सालगिरह पर केक हम घर पर ही बनाते थे। बाहर के केक को लेकर उनके मन में हमेशा एक शक रहता था, “इसमें अंडा होता है,” कहकर मुँह फेर लेती थीं। घर के बने केक का भी बस एक छोटा-सा टुकड़ा ही खातीं, और वो भी अपने पोते या पोती के हाथों से।

मेरी और उनकी असली नोक-झोंक तो शाम को शुरू होती थी। हर सालगिरह पर मैं उनके सामने बीयर का ग्लास बढ़ाता और वो अपने उसी ख़ास अंदाज़ में कह देतीं, “थैंक्स एंड चीयर्स, आई जस्ट फ़िनिश्ड माई ड्रिंक।” यह सुनते ही मैं दोनों ग्लास ख़ुद ही गटक जाता और माँ झूठ-मूठ का नाराज़ होने का बहाना करतीं। इसके बाद मैं उनके गले लग जाता। वो ढेरों दुआएँ देतीं और फिर अपने छोटे से बटुए की तीसरी जेब से एक मुड़ा-तुड़ा दस का नोट निकालकर मेरी मुट्ठी में बंद कर देतीं। बदले में, मैं भी बर्फ़ी का एक छोटा-सा टुकड़ा उनके मुँह में रख देता।

बरसों से यही सिलसिला चला आ रहा था—पर इस बरस सब कुछ थम-सा गया है। न सालगिरह की रौनक रही, न केक, न मिठाई, न बीयर, और न ही मेरे हिस्से का वो दस का नोट। और तो और, उनकी उम्र का वह प्यारा-सा आँकड़ा भी 105 पर ही ठहर गया है।

अब क्या वाक़ई कुछ आगे नहीं बढ़ेगा? न जाने क्या-क्या थम गया है उनके जाने के साथ। दस दिन बीत जाने के बाद भी, सीने में उठने वाली यह टीस आज भी उतनी ही गहरी है।

956896

Leave a Reply